Badaun News: इंदिरा चौक से पुलिस लाइन तक लगा जाम, थमी वाहनों की रफ्तार

Badaun News : शहर के व्यस्ततम मार्ग इंदिरा चौक से पुलिस लाइन चौराहे तक मंगलवार को वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे काफी देर तक आवागमन ठप रहा। सड़क के बीचों-बीच एक कंक्रीट मिक्सर मशीन के खड़े होने और दो रोडवेज बसों के आमने-सामने फंसने से स्थिति बिगड़ गई। सूचना मिलने पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।

शहर के प्रमुख इंदिरा चौक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब सड़क पर खड़ी एक बड़ी कंक्रीट मिक्सर मशीन बाधा बन गई। इसी दौरान विपरीत दिशाओं से आ रही दो रोडवेज बसें एक साथ निकलने के प्रयास में आपस में फंस गईं। बसों के फंसते ही देखते ही देखते पीछे आ रहे छोटे-बड़े वाहनों का हुजूम जमा हो गया और जाम की स्थिति पुलिस लाइन चौराहे तक पहुंच गई। भीषण जाम के कारण आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। स्थिति यह थी कि रोडवेज बसों और अन्य निजी वाहनों में सवार यात्री गंतव्य से पहले ही उतरने को मजबूर हो गए। कई यात्रियों ने इंदिरा चौक से पहले ही बसें छोड़ दीं और ई-रिक्शा के माध्यम से गलियों से होते हुए आगे बढ़े। काफी देर तक यातायात बाधित रहने के बाद स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों ने मौके पर मोर्चा संभाला। पुलिस ने सबसे पहले अवरोध पैदा कर रही कंक्रीट मिक्सर मशीन को सड़क के किनारे हटवाया और फंसी हुई रोडवेज बसों को निकलवाया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका, जिसके बाद वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ